हाथ देखने वाले ज्योतिष की खुल गई कुंडली! क्या Rupali Chakankar ने तंत्र-मंत्र के नाम पर काट ली थी उंगली? खुलासे में क्या-क्या
महाराष्ट्र के तांत्रिक अशोक खरात मामले में सुषमा अंधारे ने रूपाली चाकंकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. तंत्र-मंत्र के नाम पर उंगली काटने और खून से जुड़ी प्रक्रिया के दावे ने पूरे विवाद को और भड़का दिया है.
महाराष्ट्र में खुद को ज्योतिषी और तांत्रिक बताने वाले Ashok Kharat उर्फ 'कैप्टन' के खिलाफ सामने आए सेक्स स्कैंडल ने राज्य की राजनीति में जबरदस्त हलचल मचा दी है. नासिक पुलिस ने रेप के आरोप में खरात को गिरफ्तार किया है, लेकिन मामला अब सिर्फ आपराधिक नहीं, बल्कि सियासी रंग भी ले चुका है.
जांच में जो खुलासे हो रहे हैं, उन्होंने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया है. आरोपी के पास से एक पेन ड्राइव बरामद हुई है, जिसमें करीब 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं. आरोप है कि वह अपनी कथित आध्यात्मिक शक्तियों के नाम पर महिलाओं को जाल में फंसाता था और उनका शोषण करता था. आइए इस मामले में जानते हैं अब तक कितने खुलासे हुए हैं...
कैसे सामने आया पूरा मामला और क्या है वायरल फोटो का सच?
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब एक 35 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई. उसने आरोप लगाया कि खरात ने खुद को तांत्रिक शक्ति वाला व्यक्ति बताकर उसका भरोसा जीता, फिर उसे नशीला पदार्थ देकर कई बार दुष्कर्म किया. इसी बीच एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें एक महिला किसी कथित ‘धार्मिक व्यक्ति’ के पैर धोती नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति अशोक खरात है, जबकि महिला को Rupali Chakankar बताया जा रहा है. इस तस्वीर ने पूरे विवाद को और भड़का दिया.
क्या आरोपी के पास 58 अश्लील वीडियो मिले हैं?
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी के पास से एक पेन ड्राइव बरामद हुई है, जिसमें 58 आपत्तिजनक वीडियो मौजूद हैं. सूत्रों का कहना है कि इन वीडियो में कई महिलाओं के साथ आरोपी नजर आ रहा है. हालांकि इनमें कुछ कथित रूप से चर्चित नाम भी शामिल हो सकते हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है.
कैसे तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को फंसाता था 'कैप्टन'?
अशोक खरात ने खुद को एक प्रभावशाली ज्योतिषी और आध्यात्मिक गुरु के रूप में स्थापित कर लिया था. नासिक में उसकी पहचान किसी बड़े ‘गुरु’ जैसी बन चुकी थी और उसके पास नेताओं, बिजनेसमैन और आम लोगों की लंबी लाइन लगती थी. पुलिस के अनुसार, वह इसी छवि का फायदा उठाकर महिलाओं को ‘आध्यात्मिक मार्गदर्शन’ के नाम पर बुलाता, उन्हें डराता-धमकाता और फिर उनका यौन शोषण करता था.
क्या इस मामले के तार बड़े नेताओं से जुड़े हैं?
सोशल मीडिया पर अशोक खरात की तस्वीरें कई बड़े राजनीतिक चेहरों के साथ सामने आई हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है. विपक्ष ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए इसे महाराष्ट्र का 'Epstein Files' बताया है और हाई-प्रोफाइल कनेक्शन की जांच की मांग की है.
SIT जांच क्यों बनाई गई और क्या कर रही है पुलिस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. पुलिस अब आरोपी की संपत्तियों, उसके नेटवर्क और संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही पेन ड्राइव में मिले डेटा की भी गहराई से जांच की जा रही है.
सुषमा अंधारे ने Rupali Chakankar पर क्या आरोप लगाए?
पुणे में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुषमा अंधारे ने रूपाली चाकंकर पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि चाकंकर ने तंत्र-मंत्र के तहत अपनी उंगली काटी थी और इस संबंध में तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं.
तंत्र-मंत्र और उंगली काटने का क्या है दावा?
अंधारे के मुताबिक, पीड़ित महिला ने बताया कि तांत्रिक प्रक्रिया में उंगली काटकर उसका खून किसी 'गुड़िया' पर गिराया जाता है, जिससे ग्रह अनुकूल होते हैं. उन्होंने तस्वीरों के आधार पर दावा किया कि यह घटना सितंबर 2024 के आसपास की है और इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए.
अंधारे ने क्या-क्या मांगें रखीं?
सुषमा अंधारे ने सरकार से तीन बड़ी मांगें रखीं.
- रूपाली चाकंकर की गिरफ्तारी
- आमने-सामने पूछताछ
- नार्को टेस्ट कराने की मांग
उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है.
क्या महिला आयोग की अध्यक्ष पर भी सवाल खड़े हो गए हैं?
रूपाली थोम्ब्रे पाटिल ने भी आरोप लगाया कि चाकंकर और खरात के बीच संबंध थे और पद का दुरुपयोग किया गया. उन्होंने मांग की कि चाकंकर को तत्काल पद से हटाया जाए, नहीं तो महिला आयोग पर लोगों का भरोसा कमजोर होगा. आरोपी पुलिस कस्टडी में है और 24 मार्च तक रिमांड पर रहेगा, कई शहरों में छापेमारी जारी है.
कौन हैं Rupali Chakankar?
Rupali Chakankar महाराष्ट्र की एक प्रमुख महिला नेता और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. उनका जन्म 28 मई 1982 को पुणे में हुआ था. वे वर्तमान में महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हैं और Nationalist Congress Party (NCP) की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. रूपाली चाकणकर महिलाओं के अधिकार, सामाजिक न्याय और जनसुनवाई से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं. उन्हें अजित पवार गुट की अहम नेता माना जाता है. राजनीतिक और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ वे कई बार विवादों में भी रही हैं, जिससे उनका नाम अक्सर चर्चा में बना रहता है.




