Begin typing your search...

सिंदूर 2.0 से पहले खतरे की घंटी! ईरान अमेरिका और इजरायल युद्ध क्या भारत के लिए है चेतावनी? 5 सबक सीखने वाले

ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष ने आधुनिक युद्ध की नई हकीकत सामने रख दी है. भारत के लिए यह 5 बड़े सबक हैं, जो भविष्य की किसी भी जंग से पहले समझना जरूरी है.

Sindoor 2.0 Indias War Preparedness Iran Israel US War
X

मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी जंग ने आधुनिक युद्ध की एक नई तस्वीर दुनिया के सामने रख दी है. यह जंग सिर्फ मिसाइलों और बमों की नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी, इंटेलिजेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर को पहले निशाना बनाने की रणनीति की है. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के लिए यह सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय घटना नहीं, बल्कि एक चेतावनी है. खासतौर पर तब, जब भविष्य में “सिंदूर 2.0” जैसी किसी सैन्य कार्रवाई की चर्चा हो रही है. सवाल यही है कि क्या भारत ने इन नई चुनौतियों को समझ लिया है?

1. क्या भारत अपने औद्योगिक और रक्षा उत्पादन ढांचे को बचा पाएगा?

ईरान में हाल के हमलों ने दिखा दिया कि अब युद्ध सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रहता. दुश्मन की पहली नजर उसके डिफेंस इंडस्ट्रियल नेटवर्क पर होती है. शिराज जैसे औद्योगिक कॉम्प्लेक्स पर लगातार हमले इस बात का संकेत हैं कि उत्पादन क्षमता को खत्म करना ही अब पहली रणनीति बन चुकी है.

भारत में भी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में बन रहे डिफेंस कॉरिडोर को चीन और पाकिस्तान की ओर से भविष्य के टारगेट बनाए जा सकते हैं. अब तक यह माना जाता था कि फैक्ट्रियां और उत्पादन क्षेत्र युद्ध से सुरक्षित रहते हैं, लेकिन नई जंग की रणनीति इस सोच को पूरी तरह बदल चुकी है. यानी भारत को अब अपने औद्योगिक ढांचे को एयर डिफेंस, साइबर सिक्योरिटी और डिस्ट्रिब्यूटेड मैन्युफैक्चरिंग से मजबूत करना होगा.

2. क्या भारत के रक्षा गलियारे और रणनीतिक ठिकाने सुरक्षित हैं?

भारत ने उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में बड़े रक्षा कॉरिडोर बनाए हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या ये वाकई सुरक्षित हैं? पिछले कुछ वर्षों में दुश्मन देशों की तरफ से भारत के बड़े आर्थिक और रणनीतिक ठिकानों जैसे रिफाइनरी और एयरबेस को निशाना बनाने की धमकियां पाक सेना प्रमुख असिम मुनीर ने दी थी.

ईरान युद्ध ने यह साफ कर दिया कि अब “डीप स्ट्राइक” यानी दुश्मन के अंदर तक सटीक हमले करना आसान हो गया है. भारत को अपने महत्वपूर्ण ठिकानों के लिए मल्टी-लेयर एयर डिफेंस और डिकॉय सिस्टम तैयार करने की जरूरत है.

3. क्या भारत वार होने पर अपने संचार और रडार सिस्टम को बचा पाएगा?

आधुनिक युद्ध में सबसे पहले हमला 'आंख और कान' पर होता है. यानी रडार, सैटेलाइट और कम्युनिकेशन सिस्टम पर ताकि दुश्मन देश कुछ कर ही न सके. ईरान पर हमलों के शुरुआती चरण में ही कई महत्वपूर्ण रडार और संचार नेटवर्क कमजोर कर दिए गए, जिससे उनकी जवाबी क्षमता प्रभावित हुई.

भारत के लिए भी यह बड़ा खतरा है, क्योंकि उसकी सैन्य ताकत काफी हद तक C4ISR (Command, Control, Communications, Computers, Intelligence, Surveillance, Reconnaissance) सिस्टम पर निर्भर करती है.

अगर ये सिस्टम पहले ही निष्क्रिय हो जाएं, तो युद्ध में बढ़त खोना तय है. इसलिए भारत को स्पेस-बेस्ड और बैकअप नेटवर्क पर तेजी से काम करना होगा.

4. ड्रोन युद्ध में क्या भारत के पास सस्ता और प्रभावी जवाब है?

आज का युद्ध “लो-कॉस्ट, हाई-इम्पैक्ट” ड्रोन पर शिफ्ट हो चुका है. Iran जैसे देश सस्ते ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनकी कीमत कुछ हजार डॉलर होती है, लेकिन उन्हें गिराने वाले सिस्टम लाखों डॉलर के होते हैं. भारत के सामने भी यही चुनौती है. क्या वह कम लागत में इन ड्रोन को रोक सकता है?

हालांकि, भारत ने ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों और स्वदेशी तकनीक से अपनी ताकत दिखाई है, लेकिन सस्ता काउंटर-ड्रोन सिस्टम अभी भी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाया है. भविष्य की जंग में जीत उसी की होगी, जिसके पास “किफायती और स्केलेबल” रक्षा प्रणाली होगी.

5. संभावित युद्ध के लिए भारत की रणनीति कितनी स्पष्ट है?

ईरान-अमेरिका संघर्ष और भारत के ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में सबसे बड़ा फर्क रणनीति का दिखता है. अमेरिा ने जहां बिना स्पष्ट “एग्जिट प्लान” के युद्ध में प्रवेश किया, वहीं भारत ने सीमित और लक्ष्य आधारित रणनीति अपनाई. भारत ने यह भी दिखाया कि उसे कब रुकना है और कितना आगे जाना है. यह अच्छी तरह समझता है.

लेकिन भविष्य की चुनौती यह है कि क्या भारत इन नई युद्ध तकनीकों और खतरों के हिसाब से अपनी तैयारी को अपडेट कर रहा है? इस लिहाज से देखें तो मिडिल ईस्ट की यह जंग भारत के लिए सिर्फ खतरे का संकेत नहीं, बल्कि सीखने का मौका भी है. अब युद्ध सिर्फ सीमा पर नहीं, बल्कि इकोनॉमी, टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर लड़ा जा रहा है.

सवाल यह नहीं है कि भारत तैयार है या नहीं, बल्कि यह है कि क्या वह अगली जंग से पहले खुद को बदलने के लिए तैयार है?

India NewsIndiaईरान इजरायल युद्ध
अगला लेख