Begin typing your search...

कौन है Ashok Kharat, किसने लीक किया VIDEO और कैसे हुआ मामले का खुलासा? Rupali Chakankar से मांगा जा रहा इस्तीफा

Nasik के Astrologer Ashok Kharat Case में बड़ा खुलासा हुआ है. खऱात का वीडियो लीक करने वाला कोई और नहीं, उसी के ऑफिस में काम करने वाला एक लड़का है.

ashok kharat case big revealed
X

अशोक खरात केस में बड़ा खुलासा

( Image Source:  X@govindprataps12/@HuhVsWorld )

Nashik Astrologer Ashok Kharat Rape Case: महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ज्योतिषी बताने वाले अशोक खरात केस में कई बड़े खुलासे हो रहे हैं. अब जांच में सामने आया है कि उसके ऑफिस में काम करने वाला ऑफिस बॉय नीरज जाधव ही इस पूरे वीडियो लीक कांड का मास्टरमाइंड है. पुलिस के मुताबिक, खरात ने अपने ऑफिस में कई महिलाओं के साथ कथित रूप से दुष्कर्म और शोषण किया और इन घटनाओं को छिपे हुए CCTV कैमरों में रिकॉर्ड किया. ये वीडियो बाद में एक पेन ड्राइव में सुरक्षित रखे गए थे. जांच में अब तक 58 आपत्तिजनक वीडियो सामने आ चुके हैं.

बताया जा रहा है कि दिसंबर 2025 में नीरज जाधव ने चोरी-छिपे ये वीडियो ऑफिस से निकाल लिए और बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर खरात को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. नीरज और उसके साथियों ने खरात से करीब 5 करोड़ रुपये की मांग की. हालांकि, जब खरात ने पैसे देने से इनकार किया, तो मामला और उलझ गया.

पैसे न देने पर नीरज ने क्या किया?

नीरज ने सीधे पीड़ित महिलाओं को वीडियो भेजकर धमकाना शुरू कर दिया. उसने एक 24 वर्षीय युवती को व्हाट्सऐप पर वीडियो भेजा और मंदिर में जाकर उसे डराया. जब ब्लैकमेलिंग से पैसा नहीं मिला, तो एक अन्य महिला का वीडियो उसके रिश्तेदार को भेज दिया गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया और पूरे कांड का खुलासा हो गया.

इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय और पुलिस की जांच तेज हो गई है. कई जगहों पर छापेमारी कर करोड़ों की संपत्ति और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं. SIT भी बनाई गई है, जो फॉरेंसिक और तकनीकी जांच कर रही है. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि खरात के पास महाराष्ट्र के कई इलाकों में करोड़ों की संपत्ति है.

मामले में सियासत शुरू, किसने क्या कहा?

दुष्कर्म के आरोप में खरात की गिरफ्तारी के बाद रूपाली चाकंकर के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है. इस पूरे मामले पर प्रफुल पटेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर और घिनौना मामला है, और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कुछ राजनीतिक नाम भी सामने आए हैं. उनकी पार्टी इस पर उचित कदम उठाएगी.

वहीं, जब इस मामले पर सुनील तटकरे से सवाल किया गया, तो वह नाराज हो गए. उन्होंने कहा कि यह इस मुद्दे पर बोलने का सही मंच नहीं है और वह सही समय आने पर अपनी बात रखें. इस बीच, रूपाली चाकंकर और अशोक खरात की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद उनके इस्तीफे की मांग तेज हो गई है. विपक्षी नेताओं के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, अशोक खरात पर एक 35 वर्षीय महिला को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. इस मामले में सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. खरात को 18 मार्च की सुबह क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लिया.

अशोक खरात कौन है?

अशोक खरात सिन्नर तालुका के मिरगांव स्थित श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष है. वह पहले मर्चेंट नेवी में अधिकारी रह चुका है. पिछले कुछ सालों में वह एक ज्योतिषी और अंकशास्त्री के रूप में प्रसिद्ध हुआ, जिससे कई बड़े नेता, कारोबारी और सेलिब्रिटी उसके साथ जुड़े, लेकिन अब उसकी गिरफ्तारी के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना है.

India NewsViral Video
अगला लेख