कितने पुराने अंडे खाना सही, जानें एक्सपायर Eggs खाने से क्या हो सकते हैं नुकसान और कैसे करें पहचान
अंडे सेहत के लिए फायदेमंद जरूर होते हैं, लेकिन उनकी ताजगी का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. कई बार लोग फ्रिज में रखे पुराने अंडों का इस्तेमाल कर लेते हैं, बिना यह जाने कि उनकी डेट एक्सपायर हो गई है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कितने दिन पुराने अंडे खाना सही होता है.
अंडे लगभग हर घर में इस्तेमाल होने वाला हेल्दी और किफायती फूड है. इसमें प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स अच्छी मात्रा में होते हैं, इसलिए लोग इसे रोज़ाना डाइट में शामिल करते हैं. अब इस कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार ने फूड सेफ्टी को लेकर बड़ा कदम उठाया है. अब 1 अप्रैल से राज्य में बिकने वाले हर अंडे पर एक्सपायरी डेट लिखना जरूरी है.
इस फैसले का मकसद लोगों को यह समझाना है कि वे कितने ताजे अंडे खरीद रहे हैं और कब तक उनका इस्तेमाल सुरक्षित है.अक्सर लोग बिना जानकारी के लंबे समय तक स्टोर किए अंडे खा लेते हैं, जो सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे में यह सवाल और भी अहम हो गया है कि आखिर कितने पुराने अंडे खाना सही होता है और कब उन्हें इस्तेमाल से बचना चाहिए.
एक्सपायरी डेट का क्या मतलब होता है?
- अंडों के डिब्बे पर 'Best Before' या 'Sell BY' जैसी डेट लिखी होती है.
- Best Before: इस तारीख तक अंडे का स्वाद और क्वालिटी बेहतर रहती है.
- Sell By: इस तारीख तक दुकान में अंडे बेचे जा सकते हैं.
- इन डेट के बाद भी अंडे कुछ समय तक सुरक्षित हो सकते हैं, बशर्ते उन्हें सही तरीके से स्टोर किया गया हो.
कितने समय बाद अंडे होते हैं एक्सपायर?
अगर अंडों को सही तरीके से फ्रिज में रखा जाए, तो वे आमतौर पर 3 से 5 हफ्तों तक सुरक्षित रह सकते हैं. पैकिंग डेट (जिस दिन अंडे पैक हुए) के बाद भी कुछ समय तक इन्हें इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन धीरे-धीरे उनकी क्वालिटी कम होने लगती है. 5 हफ्तों के बाद अंडों का स्वाद, रंग और टेक्सचर बदल सकता है. हालांकि अगर उनमें किसी तरह की बदबू या खराबी नहीं है, तो वे कुछ समय तक सुरक्षित रह सकते हैं.
एक्सपायर अंडे खाने के क्या हैं नुकसान
खराब या एक्सपायर अंडे खाने से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है. इसमें साल्मोनेला नाम का बैक्टीरिया पनप सकता है, जो पेट से जुड़ी समस्याएं पैदा करता है. इसके लक्षण में पेट दर्द, उल्टी, दस्त, बुखार शामिल है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए यह खतरा ज्यादा गंभीर हो सकता है. इसलिए ऐसे लोगों को एक्सपायर या खराब अंडे नहीं खाने चाहिए.
कैसे पहचानें अंडा खराब है या नहीं?
अंडा एक्सपायर हुआ है या नहीं, इसे पहचानना बहुत मुश्किल नहीं है. कुछ आसान तरीकों से आप पता लगा सकते हैं-
- अगर अंडा फोड़ने पर उसमें से तेज बदबू आए, तो समझ लें कि वह खराब हो चुका है.
- अगर अंडे के छिलके पर दरार, चिपचिपापन या फफूंदी दिखे, तो उसे इस्तेमाल न करें.
- ताज़ा अंडे में सफेदी साफ और जर्दी गाढ़ी होती है. अगर रंग फीका या अजीब लगे, तो सावधानी बरतें.
- अगर अंडे को लेकर थोड़ा भी शक हो, तो उसे फेंक देना ही बेहतर है.
अंडों को लंबे समय तक फ्रेश कैसे रखें?
- अंडों की ताजगी बनाए रखने के लिए कुछ आसान टिप्स अपना सकते हैं. अंडों को 4–5°C तापमान पर फ्रिज में रखना सबसे सुरक्षित तरीका है.
- फ्रिज के दरवाजे में तापमान बार-बार बदलता है, जिससे अंडे जल्दी खराब हो सकते हैं. इसलिए अंडे साइड में न रखें
- अंडों को हमेशा कच्चे मांस से दूर रखें अलग रखें ताकि बैक्टीरिया का खतरा कम हो.
- अंडे को तब तक पकाएं जब तक उसकी जर्दी और सफेदी पूरी तरह सख्त न हो जाए.
- अंडे लंबे समय तक चलने वाला फूड जरूर हैं, लेकिन एक्सपायर या खराब अंडे खाने से हेल्थ पर बुरा असर पड़ सकता है. सही पहचान, सही स्टोरेज और सावधानी से आप इस जोखिम से बच सकते हैं.




